भोपाल। मध्य प्रदेश में पर्यटन और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए ‘क्वींस ऑन द व्हील्स’ बाइकिंग टूर की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास से इस तीसरे महिला बाइकिंग टूर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश के साथ-साथ मध्यप्रदेश भी तेजी से आगे बढ़ रहा है और यहां सुरक्षा का माहौल लगातार मजबूत हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला दिवस और रंगपंचमी से पहले शुरू हुआ ‘क्वींस ऑन द व्हील्स’ टूर प्रदेश की बेटियों के लिए साहस, आत्मविश्वास और नए अवसरों का प्रतीक बनेगा। इस बाइकिंग यात्रा में देश के अलग-अलग राज्यों से आई करीब 25 साहसी महिला बाइक राइडर्स शामिल हैं, जिनमें महाराष्ट्र, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों की महिलाएं भी शामिल हैं। यह यात्रा 7 मार्च से शुरू होकर 13 मार्च तक चलेगी और इस दौरान महिला राइडर्स करीब 1400 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महिला बाइकर्स से बातचीत भी की और उनके अनुभव सुने। साथ ही प्रदेश में पर्यटन को सोशल मीडिया के जरिए प्रचारित करने वाले युवाओं से भी संवाद किया और सभी के साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाया।
यह बाइकिंग टूर मध्यप्रदेश के कई प्रमुख पर्यटन स्थलों से होकर गुजरेगा। यात्रा के दौरान महिला राइडर्स सांची, उदयगिरी, चंदेरी, खजुराहो, कूनो नेशनल पार्क, ग्वालियर, मितावली और ओरछा जैसे ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का दौरा करेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की संस्कृति और विरासत इस यात्रा के माध्यम से देशभर में पहुंचेगी, जिसमें निमाड़ की सादगी, मालवा की जीवंतता, बुंदेलखंड की वीरता, बघेलखंड की लोक कलाएं, चंबल का इतिहास और महाकौशल की प्राकृतिक सुंदरता शामिल है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मध्यप्रदेश में स्वच्छ वातावरण, सुरक्षित माहौल और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने महिला राइडर्स से यात्रा के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की और कहा कि जहां-जहां यह टीम पहुंचेगी, वहां जिला प्रशासन उनके ठहरने और जरूरी सुविधाओं की पूरी व्यवस्था करेगा। इस कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार भी मौजूद रहे।

