रीवा। शहर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर लगाए गए ‘ब्रेनलेस’ पोस्टरों ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। अलग-अलग स्थानों पर लगे इन पोस्टरों के जरिए भाजपा नेताओं ने AI समिट को लेकर राहुल गांधी के बयानों का विरोध जताया है।
भाजपा नेता गौरव तिवारी ने कहा कि देश में आयोजित AI समिट को लेकर दिए गए बयानों से देश की गरिमा पर सवाल उठाने की कोशिश की गई है। उनका आरोप है कि इस तरह की बयानबाजी बढ़ते भारत की छवि को नुकसान पहुंचाती है और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस इस तरह की राजनीति के जरिए जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
वहीं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इस मामले पर कड़ी नाराजगी जताई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस तरह के पोस्टर लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं और सरकार पर हिटलरशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया गया है।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से पोस्टर तुरंत हटाने और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पोस्टर विवाद के बाद शहर में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है।

