भोपाल। अमेरिका-भारत ट्रेड डील के विरोध में भोपाल में कांग्रेस ने किसान महा चौपाल का आयोजन किया, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान एक ऐसा दृश्य सामने आया जिसने सियासी हलकों में नई बहस छेड़ दी।
मंच पर राहुल गांधी को पार्टी का पटका दिया गया था, जिसे उन्होंने मोड़कर अपने पास स्पीच देने वाली जगह पर रख दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही बीजेपी ने इसे मुद्दा बना लिया और इसे पार्टी के प्रतीक का अपमान बताया।
बीजेपी के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि भोपाल में राहुल गांधी का अपनी ही पार्टी का पटका फेंकना बहुत कुछ कह गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जिसे अपनी पार्टी के प्रतीक और सम्मान का मूल्य न हो, वह देश की गरिमा का सम्मान क्या करेगा। साथ ही इसे कांग्रेस की सोच और नेतृत्व की गंभीरता पर प्रश्नचिन्ह बताते हुए कहा कि देश और संगठन सम्मान से चलते हैं, अहंकार से नहीं।
इस घटनाक्रम के बाद सियासत गरमा गई है और दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

