रायबरेली. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी तीन दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली आ रहे हैं। सोमवार को वे लखनऊ से सड़क मार्ग के जरिए रायबरेली पहुंचेंगे और भुएमऊ गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। 20 जनवरी को राहुल गांधी क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन करेंगे और स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
जानकारी के मुताबिक दौरे के दौरान राहुल गांधी नगर पालिका अध्यक्ष के घर भी जा सकते हैं। इसके साथ ही ऊंचाहार के रोहनिया क्षेत्र में मनरेगा चौपाल में शामिल होकर ग्रामीणों से संवाद करेंगे। अगले दिन यानी 21 जनवरी को भुएमऊ गेस्ट हाउस में संगठनात्मक बैठक लेंगे और इसके बाद सीनियर नेताओं से मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी के इस दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2024 के बाद यह राहुल गांधी का अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली का छठवां दौरा है। इससे पहले वे सितंबर 2025 में दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली आए थे, जहां उन्होंने लोकसभा चुनाव में जीत के बाद हरचंदपुर और ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं का आभार जताया था।

