17 जनवरी को MP आएंगे राहुल गांधी: इंदौर में दूषित पानी कांड से पीड़ित परिवारों से करेंगे मुलाकात, कांग्रेस करेगी सामूहिक उपवास

भोपाल। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जनवरी को मध्य प्रदेश के इंदौर दौरे पर रहेंगे। अपने इस दौरे के दौरान राहुल गांधी दूषित पानी कांड से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे और उनका हाल जानेंगे। राहुल गांधी के इंदौर आगमन की सूचना मध्य प्रदेश कांग्रेस को दे दी गई है, जिसके बाद पार्टी ने पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर विरोध कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी है।

इसी दिन मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी राज्य के हर ब्लॉक में विशेष विरोध प्रदर्शन और सामूहिक उपवास का आयोजन करेगी। कार्यक्रम के तहत कांग्रेस नेता गांधी प्रतिमाओं के समक्ष धरना देंगे और भजन-कीर्तन के माध्यम से केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध दर्ज कराएंगे। खास तौर पर मनरेगा योजना का नाम बदलने को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा जाएगा। साथ ही इंदौर दूषित पानी कांड में जान गंवाने वाले लोगों को ब्लॉक स्तर पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

गौरतलब है कि इंदौर में दूषित पानी पीने से अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई मरीज अभी भी आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। इस मामले को लेकर कांग्रेस लगातार हमलावर है। 11 जनवरी को एमपी कांग्रेस ने इंदौर में न्याय यात्रा का आयोजन किया था, जिसमें इंदौर और आसपास के क्षेत्रों से कांग्रेस विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी और जिलाध्यक्ष शामिल हुए थे। इस न्याय यात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, दिग्विजय सिंह सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *