किसान महा चौपाल में राहुल गांधी का चैलेंज, कहा– अमेरिका का लक्ष्य अडानी नहीं नरेंद्र मोदी हैं

भोपाल। राजधानी भोपाल में आयोजित किसान महा चौपाल में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।

राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा में पहली बार नेता प्रतिपक्ष को बोलने से रोका गया। उन्होंने आरोप लगाया कि चीन की सेना भारतीय सीमा में घुस रही है, लेकिन सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें सदन में अपनी बात रखने नहीं दिया गया और इसके बाद प्रधानमंत्री ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात कर ट्रेड डील फाइनल कर दी। राहुल ने सवाल उठाया कि क्या इस डील पर कैबिनेट से चर्चा हुई थी और आरोप लगाया कि यह समझौता किसानों के हितों के खिलाफ है।

राहुल गांधी ने कहा कि यह डील नहीं बल्कि किसानों के दिल पर हमला है। उन्होंने मंच से चुनौती देते हुए कहा कि अगर प्रधानमंत्री में दम है तो ट्रेड डील रद्द करके दिखाएं। उनका दावा था कि इस समझौते से देश की टेक्सटाइल इंडस्ट्री और कृषि क्षेत्र को नुकसान होगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका का असली निशाना अडानी नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी हैं।

वहीं मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि देश कठिन दौर से गुजर रहा है और लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है और कहा कि अगर प्रधानमंत्री सच्चे देशभक्त होते तो किसी विदेशी दबाव के आगे नहीं झुकते।

किसान महा चौपाल में दिए गए इन बयानों के बाद प्रदेश और देश की सियासत में नई बहस छिड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *