भतीजी की मेहंदी में जमकर नाचे राजपाल यादव, सलमान खान के गाने पर दिखा खास अंदाज

बॉलीवुड अभिनेता Rajpal Yadav हाल ही में तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद सीधे अपने परिवार के बीच पहुंचे, जहां वे भतीजी की शादी के समारोह में शामिल हुए। शादी से पहले मेहंदी की रस्म में उनका अलग ही अंदाज देखने को मिला, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सामने आए वीडियो में राजपाल यादव गोल्डन रंग की धोती-कुर्ता पहने नजर आ रहे हैं और बैकग्राउंड में Salman Khan की फिल्म Hello Brother का मशहूर गाना “तेरी चुनरिया” बज रहा है। गाने की धुन पर राजपाल यादव पूरे जोश के साथ डांस करते दिख रहे हैं। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी थिरकते नजर आ रहे हैं और चेहरे पर भतीजी की शादी की खुशी साफ झलक रही है।

जेल से बाहर आने के बाद मीडिया से बातचीत में राजपाल यादव ने कहा कि उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में काम करते हुए करीब 30 साल हो चुके हैं और देश की जनता का प्यार ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है। उन्होंने बताया कि मामला साल 2012-13 से जुड़ा था और अब तक वे करीब 250 फिल्मों में काम कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि कोर्ट से जो भी आदेश मिला, उसका पालन किया और आगे भी करते रहेंगे। साथ ही उन्होंने न्यायालय का आभार जताया कि उनकी बात सुनी गई।

परिवार के इस खास मौके पर राजपाल यादव का यूं खुलकर जश्न मनाना उनके फैंस के लिए भी एक खास पल बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *