बॉलीवुड सिंगर और रैपर बादशाह अपने नए रिलीज हुए गाने ‘टटीरी’ को लेकर बड़ी मुसीबत में फंस गए हैं। हरियाणा में इस गाने को लेकर उनके खिलाफ तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। मामला सामने आने के बाद हरियाणा पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं और उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर यानी एलओसी जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि इस गाने पर रील बनाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
दरअसल इस गाने पर आरोप है कि इसमें महिलाओं और नाबालिग लड़कियों का आपत्तिजनक तरीके से चित्रण किया गया है। गाने में अश्लील शब्दों के इस्तेमाल और कुछ दृश्यों को लेकर भी कड़ी आपत्ति जताई गई है। वीडियो में जींद रोडवेज की बस और नरवाना के सच्चा खेड़ा गांव के एक सरकारी स्कूल का सीन दिखाया गया है। आरोप है कि इन जगहों पर शूटिंग के लिए किसी तरह की आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी।
वीडियो में स्कूल ड्रेस पहनी लड़कियां स्कूल बैग फेंकती हुई दिखाई दे रही हैं और कुछ छात्राओं को बस के ऊपर खड़ा कर गाने के लिरिक्स फिल्माए गए हैं। इसी वजह से कई सामाजिक संगठनों और खाप पंचायतों ने इस गाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे हरियाणवी संस्कृति के खिलाफ बताया है और इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
इस पूरे विवाद के बीच हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी सख्त रुख अपनाया है। आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने गाने को असभ्य और महिलाओं को ऑब्जेक्टिफाई करने वाला बताते हुए बादशाह को नोटिस जारी किया है। उन्हें 13 मार्च को पानीपत में आयोग के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। वहीं पंचकूला और जींद में उनके खिलाफ अलग-अलग तीन केस भी दर्ज किए गए हैं।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि गाने की शूटिंग के दौरान हरियाणा रोडवेज की बस और सरकारी स्कूल का इस्तेमाल किस अनुमति से किया गया था। अगर बिना अनुमति इनका इस्तेमाल किया गया पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ साजिश की धारा सहित अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
विवाद बढ़ने के बाद रैपर बादशाह ने एक वीडियो जारी कर माफी भी मांगी है। उन्होंने कहा कि उनके गाने के कुछ बोल और सीन से हरियाणा के कुछ लोगों को ठेस पहुंची है। बादशाह ने कहा कि वे खुद हरियाणा से हैं और लोगों से अपील की कि उन्हें बेटा समझकर माफ कर दिया जाए।
बता दें कि इस गाने की शूटिंग जींद के सच्चा खेड़ा, नरवाना और दुबई में की गई थी। 26 फरवरी को बादशाह गाने के प्रमोशन के लिए हरियाणा के कैथल और सोनीपत भी पहुंचे थे। वहीं 14 मार्च को मुंबई में सिंगर सिमरन और बादशाह का एक शो भी शेड्यूल किया गया था। अब देखना होगा कि बढ़ते विवाद और कानूनी कार्रवाई के बीच इस पूरे मामले में आगे क्या मोड़ आता है।

