‘रतलाम पब्लिक स्कूल’ पर प्रतिबंध, अब नहीं होगी कोई भर्ती या प्रवेश परीक्षा

भोपाल। आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद बड़ा एक्शन लिया गया है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने रतलाम स्थित ‘रतलाम पब्लिक स्कूल’ को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। अब इस स्कूल में किसी भी तरह की भर्ती या प्रवेश परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी।

दरअसल, इसी परीक्षा केंद्र पर 12 अभ्यर्थियों पर गड़बड़ी करने का आरोप लगा है। परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी मुंबई की कंपनी ‘एप्टेक लिमिटेड’ के पास थी, जो पहले भी विवादों में रही है। यह कंपनी उत्तर प्रदेश और असम में ब्लैकलिस्टेड बताई जाती है, जबकि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में इसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। हालांकि मध्य प्रदेश में फिलहाल कंपनी के खिलाफ कोई सीधी कार्रवाई या एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।

मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा 2024 में अनियमितताओं का खुलासा करते हुए 12 अभ्यर्थियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। ये सभी उम्मीदवार पहली बार परीक्षा केंद्र बनाए गए रतलाम पब्लिक स्कूल में परीक्षा देने पहुंचे थे। जांच में पाया गया कि कंप्यूटर आधारित परीक्षा में इन अभ्यर्थियों ने असामान्य रूप से तेज गति दिखाई। दो घंटे की परीक्षा में किसी ने 15 मिनट तो किसी ने 30 मिनट में ही 100 सवाल हल कर दिए और बाकी समय बिना किसी गतिविधि के बैठे रहे।

5 फरवरी को परिणाम जारी करने से पहले उच्च अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों के डेटा की जांच की गई। इसमें सामने आया कि यही अभ्यर्थी पहले पुलिस भर्ती और अन्य परीक्षाओं में शामिल हो चुके थे, जहां इनके अंक 50 से भी कम थे। लेकिन इस बार अचानक 90 से अधिक अंक लाकर 100 पर्सेंटाइल हासिल कर लिया।

सीसीटीवी फुटेज और परीक्षा लॉग डेटा की जांच में यह भी संकेत मिले कि परीक्षा केंद्र पर किसी एक व्यक्ति की मदद इन्हें मिली हो सकती है। खास बात यह है कि ये सभी अभ्यर्थी अलग-अलग तारीख और शिफ्ट में परीक्षा देने पहुंचे थे, लेकिन उनका सेंटर एक ही था। जांच में यह भी पाया गया कि परीक्षा के दौरान उन्होंने न तो रफ वर्क किया और न ही कंप्यूटर स्क्रीन पर सामान्य गतिविधि दिखाई। अधिकांश समय वे शांत बैठे रहे और तय समय के भीतर केवल उत्तर विकल्प चुनते रहे। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *