आरसीबी के तेज गेंदबाज यश दयाल ने रचाई शादी, कंटेंट क्रिएटर श्वेता पुंडीर के साथ लिए सात फेरे

आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलने वाले तेज गेंदबाज यश दयाल ने अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू कर दी है। उन्होंने सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर श्वेता पुंडीर के साथ शादी कर ली है। दोनों ने 4 फरवरी को नोएडा में एक निजी समारोह में सात फेरे लिए। इस शादी में परिवार के करीबी सदस्य और कुछ खास दोस्त ही शामिल हुए थे। शादी की खबर काफी समय तक गोपनीय रखी गई थी, लेकिन अब समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और फैंस इस जोड़ी को बधाइयां दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि शादी पूरी तरह निजी तरीके से आयोजित की गई थी और इसमें दोनों परिवारों के चुनिंदा लोग ही मौजूद थे। जैसे ही शादी की तस्वीरें सामने आईं, क्रिकेट फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस नई जोड़ी को शुभकामनाएं देना शुरू कर दिया।

हालांकि पिछले साल यश दयाल का नाम कुछ विवादों में भी आया था। जयपुर में एक नाबालिग से जुड़े मामले को लेकर सांगानेर सदर थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके अलावा गाजियाबाद की एक महिला ने भी उन पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया था, जिसके बाद वह काफी चर्चा में रहे थे।

अगर उनकी पत्नी श्वेता पुंडीर की बात करें तो वह एक लोकप्रिय सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब छह लाख फॉलोअर्स हैं और वह दिल्ली की रहने वाली हैं। इसके अलावा वह इंटरकॉन्टिनेंटल लीजेंड्स लीग के दौरान ब्रॉडकास्टर्स के साथ भी काम कर चुकी हैं। अपने इंस्टाग्राम बायो में श्वेता खुद को आर्टिस्ट, कंटेंट क्रिएटर और व्लॉगर बताती हैं।

वहीं क्रिकेट करियर की बात करें तो यश दयाल आईपीएल 2026 में भी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते नजर आएंगे। फ्रेंचाइजी ने उन्हें इस सीजन के लिए पांच करोड़ रुपये में रिटेन किया है। उन्होंने साल 2022 में गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए आईपीएल में डेब्यू किया था। साल 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाज रिंकू सिंह ने उनके एक ओवर में लगातार पांच छक्के लगाए थे, जिसके बाद वह काफी सुर्खियों में आ गए थे। हालांकि अगले सीजन में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए आरसीबी के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया।

इसके अलावा साल 2024 में उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया में भी चुना गया था, हालांकि उन्हें अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू का मौका नहीं मिल सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *