बिहार में NDA की रिकॉर्ड जीत के बाद राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। LJP (रामविलास) के शानदार प्रदर्शन पर चिराग पासवान की मां रीना पासवान ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वे NDA की जीत से बेहद खुश हैं और यह होना ही था। उन्होंने कहा कि हर उम्मीदवार और चिराग ने कड़ी मेहनत की है और उनका आशीर्वाद हमेशा अपने बेटे के साथ रहेगा।
चिराग पासवान ने पार्टी कार्यालय में अपने नवनिर्वाचित विधायकों के साथ प्रेस वार्ता की और चुनाव परिणामों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने RJD पर सीधा हमला करते हुए कहा कि राजद का पतन आज नहीं, बल्कि 2005 में ही शुरू हो गया था। उनके अनुसार RJD का अहंकार ही उसकी हार की असली वजह बना और वे पहले ही कह चुके थे कि राजद का पतन तय है।
चिराग ने यह भी दावा किया कि इस चुनाव में RJD का पारंपरिक MY यानी मुस्लिम-यादव समीकरण पूरी तरह बिखर गया। उन्होंने कहा कि जनता ने NDA की नीतियों, नेतृत्व और विकास कार्यों पर भरोसा जताया है, जिसका नतीजा भारी जीत के तौर पर सामने आया।
अपनी आगे की रणनीति पर बोलते हुए चिराग ने कहा कि उनका नया MY—महिला और युवा—प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और अधिक मजबूत हुआ है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले पांच साल बिहार के लिए स्वर्णिम होंगे।
चिराग ने प्रधानमंत्री मोदी को प्रचार और विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बावजूद उन्होंने कठिन मौसम में भी लगातार दौरा किया, जबकि कई नेता आराम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि NDA की यह जीत बिहार के विकास के एक नए अध्याय की शुरुआत है।

