सगाई के बाद शादी से इनकार बना मौत की वजह, पूर्व मंगेतर ने चाकू से गोदकर की हत्या

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक हैरान कर देने वाला और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सगाई के बाद युवती द्वारा शादी से इनकार करने पर उसके पूर्व मंगेतर ने बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे शहर में दहशत फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह घटना थाना अधारताल क्षेत्र के रिछाई इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार कुछ महीने पहले ही आरोपी और मृतका की सगाई हुई थी, लेकिन आरोपी की हरकतों को देखते हुए युवती के परिजनों ने शादी से इनकार कर दिया था।

बताया जा रहा है कि जब युवती काम से बाहर निकली, तभी पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में युवती लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ी।

गंभीर हालत में युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और इस निर्मम हत्या ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *