भोपाल। मध्यप्रदेश में आज से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सरकार द्वारा किसानों को इस बार 2585 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से गेहूं खरीदा जाएगा। वर्ष 2026–27 के लिए होने वाले उपार्जन को लेकर किसान 7 मार्च तक अपना पंजीयन करा सकेंगे। प्रदेशभर में इसके लिए 3186 पंजीयन केंद्र बनाए गए हैं, जहां निःशुल्क पंजीयन की सुविधा दी जा रही है। ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्रों के साथ-साथ तहसील कार्यालयों और सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं के माध्यम से भी किसान पंजीयन करा सकते हैं।
गेहूं खरीदी को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। कांग्रेस के पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजीयन शुरू करना अच्छी बात है, लेकिन किसानों को भुगतान समय पर मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को उनकी लागत के मुताबिक दाम नहीं मिल रहा है और सरकार को अपने वादे निभाते हुए फसलों का उचित मूल्य देना चाहिए। किसान मेहनत कर रहा है, लेकिन सरकार की नीयत पर सवाल उठ रहे हैं।
वहीं बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार किसान हितैषी सरकार है और खुशहाल अन्नदाता सरकार का लक्ष्य है। उनके मुताबिक इस बार भी समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का लक्ष्य पूरा किया जाएगा और किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

