इंदौर। देवास नाका स्थित सिंगापुर ग्रीन कॉलोनी में एक बार फिर बिल्डर की कार्यशैली को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कॉलोनी के रहवासियों ने बिल्डर पर अवैध रूप से लेआउट में बदलाव करने, सड़क की चौड़ाई कम करने और भूमि हड़पने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी का मुख्य मार्ग पिछले 15 वर्षों से आम उपयोग में है और इसी रास्ते से सभी परिवारों का आवागमन होता है। आरोप है कि बिल्डर अश्विन मेहता अब उसी मुख्य मार्ग पर बाउंड्री निर्माण करवा रहा है, जिससे सड़क संकरी हो जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क की चौड़ाई कम की गई तो कॉलोनी में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनेगी और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है।
निवासियों का यह भी दावा है कि यह निर्माण स्वीकृत लेआउट के विपरीत किया जा रहा है और पहले भी बिल्डर की मनमानी से वे परेशान होते रहे हैं। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल स्थल निरीक्षण कर अवैध निर्माण पर रोक लगाई जाए और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि नगर निगम और संबंधित विभाग कब तक इस मामले में संज्ञान लेते हैं और रहवासियों को राहत मिलती है या नहीं।

