RGPV में फिर पेपर लीक, परीक्षा से पहले ही छात्रों के मोबाइल तक पहुंचा प्रश्नपत्र

भोपाल। मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी तकनीकी यूनिवर्सिटी राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय एक बार फिर विवादों में आ गई है, जहां डिप्लोमा फार्मेसी पूरक परीक्षा का पेपर लीक होने से हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही ‘Hospital & Clinical Pharmacy’ का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और छात्रों के मोबाइल तक पहुंच गया, जिससे परीक्षा की गोपनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

सोमवार को आयोजित इस परीक्षा में प्रदेशभर से 901 छात्र शामिल हुए थे, लेकिन वायरल पेपर और असली प्रश्नपत्र का मिलान करने पर दोनों पूरी तरह एक जैसे पाए गए, जिससे लीक की पुष्टि हो गई।

ग्वालियर के एक कॉलेज के बाहर का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्र मोबाइल पर पेपर देखते और उसका मिलान करते नजर आ रहे हैं, वहीं एक युवक पेपर दिखाकर पैसे मांगते हुए भी दिखाई दिया।

मामला सामने आने के बाद राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं, लेकिन लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से यूनिवर्सिटी की परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

इस मुद्दे पर NSUI ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए इसे छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया है और चेतावनी दी है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

अब देखना होगा कि इस बार प्रशासन क्या कदम उठाता है और इस पूरे मामले में जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *