भोपाल। राजधानी भोपाल की आरजीपीवी यूनिवर्सिटी के चौथे सेमेस्टर के छात्र अरुणेश कुशवाहा ने भगवान राम और भगवान कृष्ण को लेकर बेहद आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां कीं, यहां तक कि गालियां भी दीं। इस घटना के सामने आते ही हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जताया और गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर थाने ले जाया।
हैरानी की बात तब सामने आई जब छात्र थाने से निकलते वक्त हंसता हुआ नजर आया और उसने एक नया वीडियो ब्लॉग बना डाला। इस वीडियो में उसने खुद को सच्चा देशभक्त बताया, पुलिसकर्मियों की तारीफ की और कहा कि उसके साथ किसी तरह की बदतमीजी नहीं हुई। उसने दावा किया कि सब कुछ कंट्रोल में है और जल्द ही उसका नाम कोर्ट में दर्ज होगा।
थाने से बाहर निकलते हुए अरुणेश कुशवाहा ने विवादित बयान देते हुए कहा कि भगवान राम को जितना कट्टर वह मानता है उतना कोई नहीं मानता और ‘जय श्री राम’ के नाम पर हिंदू-मुस्लिम दंगे कराने जैसी बातें भी कही। उसने यह भी कहा कि उसका नया “सीजन” लॉन्च हो चुका है, जिससे उसकी मानसिक स्थिति पर सवाल खड़े हो गए।
इसके बाद युवक ने खुद को अमर बताते हुए संविधान की ताकत की बातें कीं और कहा कि वह सुभाषचंद्र बोस 2.0 है, अवतरित हुआ है और उसे कोई खत्म नहीं कर सकता। उसने अलग-अलग धर्मों के नाम लेकर खुद को बैकअप मिलने का दावा भी किया। इस पूरे मामले के बाद छात्र की मानसिकता और बयानबाजी को लेकर पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर भी चर्चा तेज हो गई है।

