PM Modi Muzaffarpur Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मुजफ्फरपुर पहुंचे, जहाँ उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। मंच पर आते ही भीड़ ने जबरदस्त उत्साह दिखाया — “मोदी-मोदी” के नारों से पूरा मैदान गूंज उठा। प्रधानमंत्री ने कहा, “बिहार के मेरे भाईयों, बहनों… मेरे मालिकों! मैं आपका बहुत बड़ा कर्जदार हूँ। इतनी बड़ी संख्या में युवा, माताएँ और बहनें यहाँ आई हैं — ये जनसागर एक ही बात कह रहा है, फिर एक बार NDA सरकार… बिहार में फिर से सुशासन सरकार!”
मोदी ने कहा कि छठ महापर्व के बाद यह उनकी पहली जनसभा है। उन्होंने छठ पूजा को भारत की आस्था और एकता का पर्व बताते हुए कहा — “छठी मईया की पूजा में ममता है, समता है, सामाजिक समरसता है। ये पर्व हमारी साझी संस्कृति और विरासत का प्रतीक है। हमारी सरकार प्रयास कर रही है कि छठ महापर्व को UNESCO की विश्व विरासत सूची में शामिल कराया जाए। ये हर बिहारी के लिए गर्व का विषय होगा।”
पीएम मोदी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “जब आपका बेटा, आपका मोदी, पूरी दुनिया में छठी मईया की जय-जयकार करा रहा है… तब ये कांग्रेस और RJD के लोग छठी मईया का अपमान कर रहे हैं। क्या सिर्फ वोट पाने के लिए कोई माँ का अपमान कर सकता है? ये वही लोग हैं जिन्होंने कहा कि छठ पूजा नौटंकी है, ड्रामा है। जो माताएँ निर्जला व्रत रखती हैं, जो गंगा में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देती हैं — उनके विश्वास को ड्रामा कहने वाले इन लोगों को बिहार की जनता कभी माफ नहीं करेगी।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार का गौरव बढ़ाना, बिहार की संस्कृति और बोली को विश्वभर में पहुँचाना — यही NDA और भाजपा की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “जब भारत दुनिया का सबसे समृद्ध देश था, तब उस गौरव में बिहार की भूमिका सबसे अहम थी। और आज, जब भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है, तो बिहार का विकसित होना जरूरी है।”
अपने संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने विपक्ष पर करारा वार किया। उन्होंने कहा, “RJD और कांग्रेस कभी बिहार का भला नहीं कर सकते। इन पार्टियों की पहचान पाँच शब्दों से है — कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन! जहाँ कट्टा और क्रूरता होती है, वहाँ कानून दम तोड़ देता है… जहाँ कटुता बढ़ाने वाले लोग होते हैं, वहाँ समाज में सद्भाव नहीं रहता… जहाँ कुशासन होता है, वहाँ विकास का नामो-निशान नहीं होता… और जहाँ करप्शन होता है, वहाँ गरीब का हक लुट जाता है। वहाँ सिर्फ कुछ परिवार फलते-फूलते हैं।”
मोदी ने कहा — “बिहार अब बदलाव के रास्ते पर है, और इस बदलाव को कोई रोक नहीं सकता। NDA की सरकार ही सुशासन की सरकार है, विकास की सरकार है, और बिहार की उम्मीदों का सबसे बड़ा भरोसा भी!”

