तिलक के दूसरे दिन सड़क हादसा, इकलौते बेटे की मौत, दो बहनें जिंदगी की जंग लड़ रहीं

चकिया क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। अम्मर डहिया गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के तीन भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें इकलौते बेटे की मौत हो गई, जबकि उसकी दो बहनों की हालत नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक जगदीशपुर निवासी अजीत यादव, मोनी यादव और पूनम यादव एक ही बाइक से चकिया से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची 102 एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अजीत यादव को मृत घोषित कर दिया। दोनों बहनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें वाराणसी स्थित वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

अजीत यादव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि अजीत का एक दिन पहले ही तिलक कार्यक्रम हुआ था और वह अपने पिता का इकलौता पुत्र था। शादी की तैयारियों के बीच अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। खुशियों से भरा घर अब सन्नाटे में डूबा है, और दो बहनें अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *