बिहार विधानसभा चुनाव के बीच नेताओं के बीच शब्दों के तीर चलने का सिलसिला जारी है। बेनीपुर विधानसभा क्षेत्र के मायापुर में आयोजित एक चुनावी सभा के दौरान बिहार के उप मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर तीखा वार किया। उन्होंने राजद के चुनाव चिह्न लालटेन पर तंज कसते हुए कहा — “ललटेनिया का मतलब है लालू के टेन… यानी राबड़ी देवी और उनके नौ बच्चे, इसके अलावा उस पार्टी में कोई नहीं है।”
सभा के दौरान सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू यादव के शासन में बिहार को सिर्फ लूट, भ्रष्टाचार और अपराध की सौगात मिली। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा — “लालू यादव ने कहा था कि बिहार की सड़कों को हेमा मालिनी के गालों जैसा बना देंगे, लेकिन हकीकत में सड़कों की हालत ओम पुरी के गालों जैसी कर दी।” उनके इस बयान पर मंच पर मौजूद भीड़ ठहाकों से गूंज उठी।
सम्राट चौधरी ने महिलाओं को दी जा रही आर्थिक सहायता का बचाव करते हुए विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा — “राजद वाले कह रहे हैं कि सरकार द्वारा दी गई 10,000 रुपये की सहायता वापस ली जाएगी। मैं वित्त मंत्री हूं, मैं कह रहा हूं — किसी भी माई का लाल में दम नहीं है कि बिहार की किसी मां-बहन से एक पैसा वापस ले सके।”
यह सभा जेडीयू प्रत्याशी विनय कुमार चौधरी के समर्थन में आयोजित की गई थी। सम्राट चौधरी ने कहा कि एनडीए की सरकार विकास, सुशासन और पारदर्शिता के रास्ते पर आगे बढ़ रही है, जबकि विपक्ष सिर्फ परिवारवाद और भ्रष्टाचार में डूबा है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे विकास को वोट दें, न कि वंशवाद को।
अपने भाषण के अंत में सम्राट चौधरी ने कहा — “अब बिहार के लोग ललटेनिया राज नहीं, बल्कि विकास चाहते हैं। उन्हें चाहिए सड़क, बिजली, शिक्षा और रोज़गार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जो विकास की धारा बह रही है, उसे कोई रोक नहीं सकता।”
बेनीपुर की इस चुनावी सभा में जबरदस्त भीड़ उमड़ी, और सम्राट चौधरी के हर तीखे बयान पर तालियों और नारों की गूंज सुनाई दी। उन्होंने लालू परिवार पर करारा वार करते हुए साफ कर दिया कि बिहार अब पुराने दौर में लौटने वाला नहीं… अब जनता की पसंद है “विकास का रास्ता, एनडीए का साथ।”

