इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख डॉ. मोहन भागवत बुधवार को इंदौर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से वे सीधे खरगोन जिले के कसरावद के लिए रवाना हुए। कसरावद में वे श्री रामकृष्ण विश्व सद्भावना निकेतन द्वारा आयोजित विचार प्रेरक कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां बड़ी संख्या में सेवा कार्यों से जुड़े कार्यकर्ता और सामाजिक क्षेत्रों में सक्रिय लोग मौजूद रहेंगे।
इस कार्यक्रम में डॉ. मोहन भागवत का मुख्य उद्बोधन मनुष्य निर्माण से राष्ट्र निर्माण विषय पर केंद्रित रहेगा, जिसमें वे समाज जीवन में सकारात्मक परिवर्तन, संगठन की शक्ति और सेवा के माध्यम से राष्ट्र विकास जैसे विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
संघ प्रमुख का यह प्रवास कार्यकर्ताओं के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, खासतौर पर सेवा कार्यों और सामाजिक समरसता से जुड़े आयामों को लेकर यह दौरा अहम माना जा रहा है, क्योंकि उनके संबोधन से जमीनी स्तर पर काम कर रहे कार्यकर्ताओं को नई दिशा और प्रेरणा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

