भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा सत्र के दौरान उस वक्त नजारा बदला-बदला नजर आया जब कांग्रेस विधायक अमेरिका से हुई ट्रेड डील के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump के मुखौटे पहनकर सदन पहुंचे। कांग्रेस विधायकों ने रेड कार्पेट बिछाकर ट्रेड डील का सांकेतिक नाट्य रूपांतरण किया और आरोप लगाया कि इस समझौते से किसानों को नुकसान होगा। हाथों में तख्तियां लेकर विधायकों ने सरकार से इस डील को समाप्त करने की मांग की।
सत्र के दौरान मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में बीपीएल कार्ड अनिवार्य किए जाने का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठा। कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने आरोप लगाया कि इस शर्त के कारण बसंत पंचमी पर ग्वालियर संभाग में एक भी विवाह नहीं हो सका। जवाब में मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के समय भी भ्रष्टाचार की शिकायतें मिली थीं, इसलिए गरीबी रेखा की शर्त लागू की गई। उन्होंने बताया कि संशोधन के बाद भी हजारों विवाह संपन्न हुए हैं।
उधर उपनेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद पहली बार हेमंत कटारे सदन पहुंचे। उन्होंने मीडिया से कहा कि इस्तीफा पारिवारिक कारणों से दिया है और पार्टी जो निर्णय लेगी, उसे स्वीकार करेंगे। भाजपा में जाने की अटकलों को उन्होंने खारिज किया।
लाड़ली बहना योजना में नए पंजीयन को लेकर भी सदन में तीखी बहस हुई। कांग्रेस विधायक महेश परमार और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने नए रजिस्ट्रेशन की तारीख पूछी। इस पर महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि योजना सतत जारी है और समय आने पर निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सरकार 2028 तक राशि बढ़ाकर 3 हजार रुपए करने के लिए प्रतिबद्ध है।
विपक्ष ने आरोप लगाया कि नई पात्र बहनों के पंजीयन नहीं खोलना महिलाओं के साथ अन्याय है। वहीं पेंशन राशि 600 से बढ़ाकर 1200 रुपए करने की मांग भी उठी, जिस पर सामाजिक न्याय मंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों के अनुसार निर्णय लिया जाता है।
हंगामे के बीच कांग्रेस विधायकों ने लाड़ली बहना और कन्यादान योजना को लेकर सदन से वॉकआउट कर दिया। वहीं महिदपुर के कस्तूरबा गांधी छात्रावास में छात्राओं की तबीयत बिगड़ने का मामला भी उठा, जिस पर सरकार ने व्यवस्था दुरुस्त होने का दावा किया। कुल मिलाकर विधानसभा सत्र में आरोप-प्रत्यारोप, प्रदर्शन और तीखी बहसों के बीच राजनीतिक गर्मी चरम पर रही।

