भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दसवें दिन कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल पर दर्ज एफआईआर को लेकर सदन में जोरदार हंगामा देखने को मिला। विपक्ष ने इस कार्रवाई को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए जमकर नारेबाजी की और अंततः वॉकआउट कर दिया।
विधायक बाबू जंडेल ने सदन के बाहर मीडिया से बात करते हुए कहा कि लोग पटाखे फोड़ रहे थे, उन्होंने भी छड़ीमार का पटाखा फोड़ा, लेकिन बिना जांच के ही उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गायों के मुद्दे पर आंदोलन करने पर भी उन पर प्रकरण दर्ज किया गया। उनका कहना था कि बीजेपी नेताओं के इशारे पर लगातार उनके खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं।
वॉकआउट के बाद विरोध को और तीखा करते हुए बाबू जंडेल ने विधानसभा परिसर में गांधी प्रतिमा के पास शीर्षासन कर प्रदर्शन किया। उनका दावा है कि अब तक उनके खिलाफ लगभग 15 अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।
इस पूरे घटनाक्रम ने बजट सत्र के माहौल को पूरी तरह गरमा दिया और सदन में सियासी टकराव खुलकर सामने आ गया।

