पर्यटन विभाग के बजट पर सदन में घमासान, नितेंद्र राठौर ने सरकार को घेरा

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में पर्यटन विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान सियासी माहौल गर्म हो गया। कांग्रेस विधायक नितेंद्र सिंह राठौर ने सदन में सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की लोक संस्कृति, लोक सभ्यताओं और लोक कलाकारों के संरक्षण के लिए ठोस प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर कोई विशेष इंतजाम नजर नहीं आता और धार्मिक न्यास के नाम पर केवल राजनीति की जा रही है।

राठौर ने कहा कि सरकार प्रदेश को नए-नए सपने दिखा रही है। राम पथगमन परियोजना आज तक पूरी नहीं हो सकी और अब कृष्ण पाथेय का नया सपना दिखाया जा रहा है। उनका आरोप था कि मंदिरों के विकास और सौंदर्यीकरण के नाम पर बिना विशेषज्ञों और धार्मिक जानकारों की सलाह के छेड़छाड़ की जा रही है, जिसका खामियाजा ऐतिहासिक धरोहरों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ओरछा का मंदिर इसका उदाहरण है।

उन्होंने यह भी याद दिलाया कि वर्ष 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ओरछा मंदिर से तारा माई मंदिर तक रोपवे लगाने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हुआ। उन्होंने मांग की कि लंबित घोषणाओं को दोबारा अमल में लाया जाए और पर्यटन के साथ-साथ संस्कृति संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *