इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर नगर निगम में बजट सत्र शुरू होने से पहले ही माहौल गरमा गया, जहां करीब 8450 करोड़ रुपए के बजट पेश होने से पहले सदन में जोरदार हंगामा देखने को मिला।
दरअसल श्रद्धांजलि के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम का जिक्र करते हुए ईरान के सुप्रीम लीडर को श्रद्धांजलि दी, जिस पर भाजपा पार्षदों ने कड़ा विरोध जताते हुए सदन में नारेबाजी शुरू कर दी।
हंगामा इतना बढ़ गया कि कुछ देर के लिए सदन की कार्यवाही प्रभावित हो गई, वहीं विपक्ष ने भी अलग अंदाज में विरोध जताया, कांग्रेस पार्षद काली पट्टी बांधकर पहुंचे तो एक पार्षद ने टी-शर्ट पर नारे लिखकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
बताया जा रहा है कि इस पूरे बजट पर आने वाले सत्र में विस्तृत चर्चा होगी, जहां सत्ता और विपक्ष आमने-सामने नजर आएंगे।
अगर बजट के फोकस की बात करें तो शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर जोर दिया गया है, जिसमें नर्मदा परियोजना के चौथे चरण, नई सड़कों का निर्माण, पानी की गुणवत्ता जांच के लिए लैब और अमृत-2 योजना के तहत बड़े जल प्रोजेक्ट्स शामिल हैं।
इसके साथ ही नई पानी की टंकियां, पाइपलाइन बिछाने और पुराने सिस्टम को अपग्रेड करने की योजना भी तैयार की गई है, ताकि शहर में पानी की सप्लाई और बेहतर हो सके।
कुल मिलाकर एक तरफ विकास का बड़ा रोडमैप पेश किया जा रहा है, तो दूसरी तरफ उसी सदन में सियासी टकराव चरम पर है, अब देखना होगा कि बहस में असली मुद्दे हावी होते हैं या राजनीति ही भारी पड़ती है।

