रोजवास टोल प्लाजा पर हंगामा, तोड़फोड़ और चक्का जाम से हाईवे पर लंबी कतारें

शाजापुर। जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रोजवास टोल प्लाजा पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब वाहन निकालने को लेकर विवाद ने उग्र रूप ले लिया। देखते ही देखते मौके पर हंगामा शुरू हो गया और टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ के साथ चक्का जाम कर दिया गया। दोनों ओर हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

सूत्रों के अनुसार यह विवाद कथित तौर पर टोल प्लाजा कर्मचारियों और दुर्गा वाहिनी की कार्यकर्ताओं के बीच अभद्र व्यवहार को लेकर शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि दुर्गा वाहिनी की सदस्य शाजापुर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं, इसी दौरान टोल पर बहस हुई जो बढ़ती चली गई। घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में टोल प्लाजा पहुंच गए और आक्रोश में तोड़फोड़ कर दी।

मामले की सूचना मिलते ही तराना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि वाहन निकालने की बात को लेकर विवाद हुआ था और आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हंगामे के चलते कुछ समय तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल पुलिस मामले की निगरानी कर रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *