इछावर। मध्य प्रदेश के इछावर क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह ने लोगों में डर का माहौल बना दिया है। गांवों में लगातार फैल रही खबरों के बीच ग्रामीण सतर्क हो गए हैं और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पुलिस को सूचना दे रहे हैं। इसी बीच एक मामला सामने आया, जहां अफवाह के चलते एक मानसिक रूप से कमजोर अधेड़ व्यक्ति की जान मुश्किल में पड़ गई।
बताया जा रहा है कि ग्राम नोनीखेड़ी में बच्चा चोरों के सक्रिय होने की चर्चा फैल गई थी। इसी दौरान नोनीखेड़ी–खामलिया मार्ग पर एक अधेड़ व्यक्ति भटकते हुए दिखाई दिया। कुछ ग्रामीणों ने उसे संदिग्ध समझकर अन्य लोगों को बुला लिया और देखते ही देखते भीड़ इकट्ठा हो गई।
ग्रामीणों ने उस व्यक्ति से पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। शक के आधार पर लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
जानकारी के मुताबिक उसके बैग से टॉफी, नींबू, महिलाओं के कपड़े और कुछ गोलियां मिलीं। साथ ही जलगांव से भोपाल तक का चार लोगों का टिकट भी बरामद हुआ। उसके पास आधार कार्ड नहीं मिला।
कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्र यादव के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि व्यक्ति का नाम गुलाब है और वह महाराष्ट्र के जलगांव का रहने वाला है। वह किसी देवस्थान से लौट रहा था और संभवतः भटकते हुए गांव पहुंच गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय तुरंत सूचना दें।

