भोपाल में ईरानी गैंग का बड़ा सदस्य रूपेश आहिर गिरफ्तार, 10 बाइक बरामद, चोरी-स्नैचिंग के कई मामलों का खुलासा

भोपाल। राजधानी भोपाल में पुलिस ने कुख्यात ईरानी गैंग के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। शहर और आसपास के जिलों में बाइक चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाला गैंग का सक्रिय सदस्य रूपेश आहिर पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। यह कार्रवाई हबीबगंज थाना क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक रूपेश आहिर काला ईरानी गैंग से जुड़ा हुआ था और बाइक चोरी व मोबाइल स्नैचिंग में माहिर माना जाता था। उसकी गिरफ्तारी के बाद भोपाल के हबीबगंज, टीटी नगर, बागसेवनिया समेत विदिशा और सागर जिलों में हुई कुल 10 चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 10 चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। ये वाहन अलग-अलग इलाकों से चुराए गए थे और गैंग की वारदातों में इस्तेमाल किए जा रहे थे।

पुलिस को यह कामयाबी सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और मजबूत मुखबिर तंत्र की मदद से मिली। तकनीकी जांच के जरिए आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार किया गया। फिलहाल रूपेश आहिर से पूछताछ जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि इससे ईरानी गैंग के अन्य सदस्यों तक भी पहुंचा जा सकेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में चोरी और स्नैचिंग पर रोक लगाने के लिए ईरानी गैंग के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *