रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिसंबर महीने में भारत दौरे पर आ रहे हैं। वे 4 और 5 दिसंबर को भारत में रहेंगे। इस दौरान पुतिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।
भारत के विदेश मंत्रालय ने इस यात्रा की आधिकारिक पुष्टि भी की है।
यह दौरा इसलिए खास माना जा रहा है क्योंकि अमेरिका की ओर से रूस से तेल खरीदने पर भारत पर टैरिफ लगाने की बात हो रही है। ऐसे समय में पुतिन का भारत आना दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करेगा।
हाल ही में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर रूस दौरे पर गए थे, जहां रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने पुतिन की भारत यात्रा का संकेत दिया था। इसके कुछ दिन बाद पुतिन खुद भारत आ रहे हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार इस दौरे में भारत और रूस के द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा होगी और सहयोग के अगले चरण की दिशा तय होगी। यह बैठक 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के तहत होगी।
मुलाकात में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी, और दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने पर भी फोकस रहेगा।
पुतिन ने इससे पहले 2021 में नई दिल्ली का दौरा किया था। वहीं, पीएम मोदी ने पिछले साल जुलाई और अक्टूबर में दो बार रूस का दौरा किया था।
पीएम मोदी ने जुलाई में मॉस्को दौरे के दौरान पुतिन को भारत आने का न्योता भी दिया था।
अगस्त में नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर अजीत डोभाल के मॉस्को दौरे के दौरान पुतिन के दौरे की घोषणा हुई थी, लेकिन शेड्यूल की जानकारी उस समय सामने नहीं आई थी।
पीएम मोदी और पुतिन ने बाद में शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन समिट के दौरान चीन में मुलाकात की, जिसमें पुतिन की लिमोजिन में एक घंटे तक बातचीत हुई थी।

