‘चप्पल कांड पर साधु यादव का बड़ा बयान: रोहिणी हमारी और बिहार की बेटी… और मैंने भी बहुत कुछ सहा है’

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की करारी हार के बाद लालू परिवार का अंदरूनी विवाद अब खुलकर सतह पर आ चुका है। बीती रात रोहिणी आचार्य अचानक अपना घर छोड़कर निकल गईं, और फिर मीडिया में तेजस्वी यादव व उनके करीबी संजय यादव पर गंभीर आरोप लगाकर पूरे राजनीतिक माहौल में भूचाल ला दिया। इसी बीच अब रोहिणी के मामा, लालू यादव के साले और राबड़ी देवी के भाई साधु यादव का भी बड़ा बयान सामने आया है।

साधु यादव ने साफ कहा कि राबड़ी देवी उनकी बहन हैं और उन्होंने जीवन में बहुत कुछ सहा है, लेकिन कभी अपनी बहन के खिलाफ एक शब्द तक नहीं बोला। उन्होंने कहा—“रोहिणी मेरी भतीजी हैं, हमारे परिवार की बेटी हैं, बिहार की बेटी हैं। अगर किसी ने उनके साथ गलत व्यवहार किया है, तो ये बिल्कुल गलत है।” साधु यादव के इस बयान ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है।

चुनाव हार को लेकर भी साधु यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अति आत्मविश्वास ही हार की सबसे बड़ी वजह बनी। कोई खुद को मुख्यमंत्री बता रहा था, कोई उप-मुख्यमंत्री… लेकिन जनता ने ऐसा कभी नहीं कहा। नेता खुद घोषणा करते रहे और नतीजा जनता ने दे दिया। टिकट बंटवारे से लेकर नेतृत्व के फैसलों तक कई कारणों को जिम्मेदार बताया गया और साधु यादव ने कहा—“अब बहुत जरूरी है आत्मचिंतन।”

उधर, सोशल मीडिया पर रोहिणी का वो पोस्ट सबको चौंका गया, जिसमें उन्होंने लिखा था—“मैं राजनीति छोड़ रही हूं और अपने परिवार से नाता तोड़ रही हूं… संजय यादव और रमीज ने कहा था कि मुझे ये सब करना चाहिए, और मैं सारा दोष अपने ऊपर ले रही हूं।” रोहिणी के इस संदेश ने परिवार की लड़ाई को फिर से सार्वजनिक कर दिया है, और अब साधु यादव के बयान के बाद मामला और गंभीर होता दिखाई दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *