भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां भिक्षा मांग रहे दो साधुओं को कुछ युवकों ने पकड़कर जमकर पीटा। आरोप है कि युवकों ने साधुओं से ब्राह्मण होने का सबूत मांगा और उनसे महाभारत के पात्रों के नाम पूछे, जवाब न देने पर उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान साधुओं के बैग से मिले दस्तावेज उर्दू भाषा में थे, जिसे देखकर युवक और ज्यादा भड़क गए और दोनों की बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह पूरा मामला देहात थाना क्षेत्र के बायपास निरंजन वाटिका सुभाष तिराहा के सामने का बताया जा रहा है, जहां युवकों ने दोनों साधुओं को रोककर उनसे रामायण की चौपाइयों और महाभारत के पात्रों के नाम पूछे। जवाब न मिलने पर भगवान शंकर की पत्नी और लक्ष्मण की पत्नी का नाम पूछा गया और नाम न बता पाने पर मारपीट शुरू कर दी गई। वीडियो में एक युवक साधु से यह कहते हुए भी दिखाई दे रहा है कि तुम हिंदू नहीं हो।
युवकों का आरोप है कि साधुओं के पास मिले सभी दस्तावेज उर्दू में थे, जिससे उन्हें शक हुआ और उन्होंने इसे सनातन धर्म का मजाक बताया। उनका कहना है कि भगवा पहनकर ढोंग किया जा रहा है और हिंदुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ हो रहा है। फिलहाल दोनों साधु कौन हैं, कहां से आए हैं और उनका उद्देश्य क्या था, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।

