सीहोर। रायसेन जिले के गौहरगंज में 6 साल की मासूम से दरिंदगी करने वाले आरोपी सलमान को गुरुवार देर रात पुलिस ने ‘शॉर्ट एनकाउंटर’ कर गिरफ़्तार किया। आरोपी ने औबेदुल्लागंज क्षेत्र के जंगल में पुलिसकर्मी की बंदूक छीनकर भागने और फायरिंग करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में उसके पैर पर गोली मारी।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि सलमान सीहोर जिले के श्यामपुर का निवासी है और कुछ सालों से गौहरगंज में किराए के मकान में रह रहा था।
21 नवंबर को मासूम बच्ची से दुष्कर्म करने के बाद से सलमान फरार था। क्षेत्रवासियों ने उसकी गिरफ्तारी की लगातार मांग की और पुलिस ने आरोपी पर 30 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था।
छह दिन बाद गुरुवार रात भोपाल के गांधी नगर इलाके की एक चाय की दुकान से सलमान को पकड़ लिया गया। उसने बताया कि वह जंगल के रास्ते पैदल भोपाल पहुंचा था और गांधीनगर में छिपा हुआ था।
रात 3 बजे एनकाउंटर हुआ जब पुलिस आरोपी को ले जा रही थी। पुलिस की गाड़ी जंगल में पंक्चर हो गई और दूसरे वाहन में शिफ्ट करते समय सलमान ने एसआई की बंदूक छीनकर फायरिंग और भागने की कोशिश की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे पैर में गोली मार दी।
गोलियों से घायल सलमान को तुरंत भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है और वह पुलिस हिरासत में है।
मामला 21 नवंबर की शाम का है, जब 23 वर्षीय सलमान ने 6 साल की मासूम बच्ची को चॉकलेट दिलाने के बहाने जंगल ले जाकर दुष्कर्म किया। बच्ची को रोते हुए जंगल में पाया गया और उसे भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत में सुधार हो रहा है।
इस घटना के बाद रायसेन और सीहोर जिलों में भारी विरोध प्रदर्शन हुए। सीहोर में एक दिन के लिए बाजार भी बंद रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी और फांसी की मांग जोर पकड़ रही है।

