भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड नगर पालिका में संबल योजना और कर्मकार मंडल से जुड़े करोड़ों रुपये के घोटाले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली थाना पुलिस ने इस घोटाले से जुड़े दो दलालों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
करीब तीन करोड़ रुपये के इस घोटाले का मास्टरमाइंड अधिकारी राजेंद्र चौहान बताया जा रहा है। कुछ दिन पहले गिरफ्तार किए गए राजेंद्र चौहान ने पुलिस पूछताछ के दौरान अपने दोनों दलालों के नाम उजागर किए थे, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया।
संबल योजना में फर्जीवाड़े और वित्तीय अनियमितताओं के इस मामले में पहले ही कई कर्मचारियों और पूर्व अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। जांच में सामने आया है कि योजना के हितग्राहियों को मिलने वाली राशि का दुरुपयोग कर आरोपियों ने करोड़ों रुपये का अवैध लाभ कमाया था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए आगे की जांच में जुटी हुई है।

