इंदौर। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में 12 से 15 मार्च 2026 तक सनातन प्रीमियर लीग का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को संस्कारों से जोड़ना और उनमें सेवा भावना जागृत करना बताया गया है। आयोजकों का कहना है कि संसार की सबसे बड़ी संपत्ति संस्कार हैं और इन्हीं के बल पर समाज मजबूत बनता है।
प्रख्यात कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि आज समाज में दूसरों की सहायता करने की भावना कम होती जा रही है। लोग सिर्फ अपने लिए जी रहे हैं, यही कारण है कि सनातन जगत धीरे-धीरे पीछे छूटता दिख रहा है। उन्होंने कहा कि समाज लेना तो चाहता है, लेकिन देना नहीं चाहता। सनातन प्रीमियर लीग इसी सोच को बदलने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि देश के हर राज्य से 125 बच्चों का चयन किया जाएगा और उन्हें निशुल्क व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
देवकीनंदन ठाकुर ने अपने क्रिकेट प्रेम का जिक्र करते हुए कहा कि बचपन से ही उन्हें क्रिकेट में रुचि रही है और उन्होंने 1996 में पहला ब्लैक एंड व्हाइट टीवी खरीदा था ताकि मैच देख सकें। उन्होंने कहा कि इंदौर में बड़े-बड़े मैच होते हैं और यहां के लोग बड़ी संख्या में पहुंचते हैं, इसलिए उम्मीद है कि इस नि:शुल्क लीग को भी शहर का भरपूर समर्थन मिलेगा।
इस आयोजन में देश के कई प्रमुख संतों का आगमन भी प्रस्तावित है, जिनमें प्रदीप मिश्रा, इंद्रेश उपाध्याय, चिन्मयानंद बापू, स्वामी राम दिनेशाचार्य, त्रिलोचन दर्शन दास और अनिरुद्धाचार्य महाराज शामिल बताए जा रहे हैं।
आयोजकों के मुताबिक सनातन प्रीमियर लीग केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि खेल और सेवा का एक महाकुंभ है, जिसका उद्देश्य युवाओं को संस्कार, सेवा और संस्कृति से जोड़ना है।

