साल 2022 में रिलीज हुई फिल्म ‘वध’ के सीक्वल ‘वध 2’ का ट्रेलर अब मेकर्स ने रिलीज कर दिया है, जिसके साथ ही फिल्म की रिलीज डेट से भी पर्दा उठा दिया गया है। ट्रेलर सामने आते ही दर्शकों के बीच सस्पेंस और थ्रिल का माहौल बन गया है।
‘वध 2’ के ट्रेलर में संजय मिश्रा को जेल गार्ड शंभूनाथ के किरदार में दिखाया गया है, जो जेल की कैदी मंजू सिंह यानी नीना गुप्ता के बेहद करीब आते नजर आते हैं। दोनों के बीच एक अनोखा और रहस्यमय रिश्ता बनता है, लेकिन इसी दौरान जेल से एक कैदी अचानक गायब हो जाता है। सवाल यही है कि वह कैदी आखिर गया कहां और उसके गायब होने का संजय मिश्रा और नीना गुप्ता के किरदारों से क्या कनेक्शन है। इसी रहस्य के इर्द-गिर्द पूरी कहानी घूमती दिखाई देती है।
फिल्म ‘वध 2’ का निर्देशन और लेखन जसपाल सिंह संधू ने किया है, जबकि फिल्म का निर्माण लव रंजन और अंकुर गर्ग ने लव फिल्म्स के बैनर तले किया है। यह सस्पेंस थ्रिलर फिल्म 6 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
फिल्म में संजय मिश्रा और नीना गुप्ता के अलावा कुमुद मिश्रा, अमित के. सिंह, अक्षय डोगरा, शिल्पा शुक्ला और योगिता बिहानी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

