मंडला में जनपद CEO के खिलाफ सरपंचों का मोर्चा, 7 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

मंडला। मध्यप्रदेश के Mandla जिले के बीजाडांडी जनपद पंचायत क्षेत्र में सरपंचों और जनपद सदस्यों ने जनपद सीईओ बसंती दुबे के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है।

करीब 42 सरपंचों के साथ जनपद अध्यक्ष और सदस्य जिला मुख्यालय पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए सीईओ को पद से हटाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि 7 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

सरपंचों ने आरोप लगाया है कि जनपद सीईओ हर काम में कमीशन मांगती हैं और समय पर कार्य नहीं करतीं, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना है कि अधिकारियों के इस रवैये से पंचायत स्तर पर कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो रहा है और जनप्रतिनिधियों को अनदेखा किया जा रहा है।

शिकायत करने पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने यह भी आरोप लगाया कि सीईओ मनमानी कर रही हैं और पंचायत के कामों में सहयोग करने के बजाय बाधाएं खड़ी की जा रही हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले भी निवास जनपद क्षेत्र में इसी तरह एक अन्य सीईओ के खिलाफ सरपंचों ने विरोध जताया था।

फिलहाल इस मामले में जनपद सीईओ की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन सरपंचों की चेतावनी के बाद प्रशासन पर दबाव जरूर बढ़ गया है और अब सभी की नजर आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *