सौरभ शर्मा संपत्ति मामला, विधानसभा में खुलासा, करोड़ों की नकदी, सोना-हीरा और 233 किलो से ज्यादा चांदी बरामद

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में चर्चित सौरभ शर्मा प्रकरण को लेकर विधानसभा में बड़ा खुलासा हुआ है। कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह के सवाल के जवाब में सरकार ने करीब एक साल बाद मामले में बरामद संपत्ति का ब्योरा सदन के पटल पर रखा।

सदन को दी गई जानकारी के मुताबिक छापेमारी के दौरान दो करोड़ 83 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की गई। इसके अलावा 50 लाख 37 हजार 425 रुपये कीमत के सोना और हीरे जब्त किए गए। भारी मात्रा में चांदी भी बरामद हुई, जिसकी कीमत दो करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक बताई गई है और कुल वजन 233.936 किलोग्राम बताया गया।

जांच के दौरान अचल संपत्ति के दस्तावेजों के आधार पर करीब 30 करोड़ रुपये की संपत्ति का अनुमान सामने आया है। बैंक एफडी के रूप में तीन करोड़ आठ लाख 46 हजार 158 रुपये जमा पाए गए हैं। वहीं वाहनों और अन्य घरेलू सामान की कीमत लगभग 2 करोड़ 54 लाख रुपये आंकी गई है।

हालांकि सदन में यह भी कहा गया कि इस मामले में किन-किन एजेंसियों ने अब तक क्या कार्रवाई की है, इसकी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। सौरभ शर्मा से जुड़े इस बहुचर्चित मामले ने एक बार फिर भ्रष्टाचार और अवैध संपत्ति को लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *