शहडोल। जिले में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड यानी SECL की लापरवाही एक बार फिर सवालों के घेरे में है, जहां पहले केमिकल युक्त पानी से कई मवेशियों की मौत का मामला सामने आया था और अब धनपुरी क्षेत्र में खुले में फेंका जा रहा कचरा गौवंश के लिए नई मुसीबत बन गया है।
धनपुरी नगरपालिका के बैगा माइंस इलाके के पास बड़ी मात्रा में कूड़ा-कचरा खुले में डंप किया जा रहा है, जिसमें प्लास्टिक और बायो वेस्ट शामिल है, खाने की तलाश में पहुंच रहे गौवंश इस जहरीले कचरे को निगल रहे हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिम्मेदारी तय नहीं हो पा रही है, लेकिन नगर पालिका और संबंधित विभागों की अनदेखी से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं, इससे पहले अमलाई ओपन कास्ट माइंस क्षेत्र में केमिकल पानी पीने से कई गायों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था, लेकिन उसके बाद भी हालात में कोई खास सुधार नजर नहीं आ रहा है।
अब बैगा माइंस के पास फैला यह कचरा एक और बड़े हादसे की आशंका को जन्म दे रहा है, जिसको लेकर स्थानीय नागरिकों, गौ रक्षकों और पशु प्रेमियों ने प्रशासन से तत्काल सफाई अभियान चलाने और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित विभागों और SECL को नोटिस जारी कर जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।

