लखनऊ। पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह बनी है उनके घर आई नई खुशखबरी। ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में सीमा हैदर ने बेटे को जन्म दिया है और इसके साथ ही वह छठी बार मां बन गई हैं। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक डिलीवरी के बाद मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनकी हालत सामान्य है।
सीमा हैदर वही नाम हैं जो अपने प्रेम संबंध को लेकर देशभर में चर्चा में आई थीं। वह अपने चार बच्चों के साथ पाकिस्तान से नेपाल के रास्ते भारत पहुंची थीं और यहां आकर सचिन मीणा से शादी कर ली थी। तब से वह भारत में ही रह रही हैं। करीब 11 महीने पहले ही उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया था, जिसका नाम भारती मीणा रखा गया था। अब बेटे के जन्म के बाद परिवार में खुशी का माहौल है।
सीमा और सचिन की प्रेम कहानी पहले ही सोशल मीडिया और न्यूज हेडलाइंस में छाई रही है। आए दिन दोनों के वीडियो और तस्वीरें वायरल होती रहती हैं। बेटे के जन्म से पहले हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार सीमा की गोदभराई की रस्म भी धूमधाम से की गई थी, जिसमें सचिन का पूरा परिवार शामिल हुआ था।
अब एक बार फिर सीमा हैदर चर्चा के केंद्र में हैं और उनके परिवार में नई खुशियों ने दस्तक दे दी है।

