रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां वन विभाग के एक डिप्टी रेंजर और एक महिला को गोली मार दी गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार अमरावत नर्सरी में डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा और एक महिला पर सरेआम फायरिंग की गई। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद आरोपी गुड्डा लोधी मौके से फरार हो गया, लेकिन बाद में उसने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस पुरानी रंजिश या आपसी विवाद की आशंका जता रही है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। एक ही मामले में दो लोगों को गोली मारने और आरोपी द्वारा आत्महत्या किए जाने की इस वारदात ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

