सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति-पत्नी के शव घर के अंदर पंखे से एक ही रस्सी के सहारे फांसी के फंदे पर लटके हुए मिले, और सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि दोनों ने शादी का जोड़ा पहन रखा था, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
यह घटना रहली थाना क्षेत्र के चांदपुर के मुठिया टोला की है, जहां बुधवार देर रात परिजनों ने जब दोनों को इस हालत में देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या माना है, हालांकि अब तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
मृतकों की पहचान 22 वर्षीय गोलू पटेल और 21 वर्षीय काजल पटेल के रूप में हुई है, परिजनों के मुताबिक दोनों ने करीब तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था और अब तक उनका वैवाहिक जीवन सामान्य और खुशहाल बताया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, गोलू मजदूरी करता था और उसके पास थोड़ी कृषि भूमि भी थी, परिवार में पिता और छोटा भाई रहते हैं, जबकि मां का पहले ही निधन हो चुका है, बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी तरह का विवाद या तनाव सामने नहीं आया था।
पुलिस जब कमरे के अंदर पहुंची तो नजारा देखकर हर कोई हैरान रह गया, काजल ने शादी की साड़ी पहन रखी थी और गोलू ने शादी वाला सूट, दोनों एक ही रस्सी से फंदे पर लटके हुए थे, जिससे मामला और भी रहस्यमय बन गया है।
फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है, अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर खुशहाल दिखने वाले इस दंपति ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।

