भोपाल। राजधानी भोपाल में पुलिस मुख्यालय यानी पीएचक्यू के ठीक बाहर 17 दिसंबर की रात रोके गए ट्रक से बरामद मांस को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जांच रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि ट्रक में मिला मांस गोमांस था। बताया जा रहा है कि ट्रक में करीब 25 टन मांस भरा हुआ था, जिसे भोपाल से मुंबई ले जाया जा रहा था। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा ट्रक रोके जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और मांस को जब्त कर सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। लैब रिपोर्ट सामने आने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि राजधानी में बड़े पैमाने पर गौकशी की गई है।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि यह मांस भोपाल नगर निगम के स्लॉटर हाउस से ही ट्रक में लोड किया गया था। रिपोर्ट मिलते ही नगर निगम ने तत्काल प्रभाव से स्लॉटर हाउस को बंद कर दिया है।
हिंदू संगठनों का कहना है कि उन्हें पहले से ही इस तरह की गतिविधियों की खुफिया जानकारी मिल रही थी। इस घटना के बाद शहर में हड़कंप मच गया है और गोमांस तस्करी के बड़े नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह मामला किसी बड़े अवैध गौकशी रैकेट से तो नहीं जुड़ा है।

