जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां रिटायर्ड महिला डॉक्टर के अपहरण का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग महिला डॉक्टर को उनके घर से जबरन साथ ले गए, जिसका वीडियो भी सामने आया है। पूरे मामले के पीछे करोड़ों की संपत्ति हड़पने की साजिश की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक रिटायर्ड डॉक्टर हेमलता श्रीवास्तव को कुछ लोग राइट टाउन स्थित उनके बंगले से कार में बैठाकर ले गए। सामने आए वीडियो में साफ दिख रहा है कि लोग महिला डॉक्टर को जबरन गाड़ी में बिठा रहे हैं। जब मौके पर मौजूद डॉ मुखर्जी ने इसका विरोध किया तो उनके साथ भी बदतमीजी की गई। महिला डॉक्टर को साथ ले जाने वाले लोगों ने खुद को एक बड़े मंदिर से जुड़ा हुआ बताया है।
बताया जा रहा है कि 70 वर्षीय डॉ हेमलता श्रीवास्तव अकेली रहती थीं और उनकी बेशकीमती संपत्ति पर कुछ लोगों की नजर थी। इस मामले को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने भी गंभीर चिंता जताते हुए अपहरण की आशंका का पत्र लिखा है।
सूत्रों के अनुसार महिला डॉक्टर के पति की एक महीने पहले मौत हो चुकी है और कुछ साल पहले उनके डॉक्टर बेटे का भी निधन हो गया था। बताया जा रहा है कि डॉ हेमलता की मानसिक और शारीरिक स्थिति भी ठीक नहीं है। फिलहाल शिकायत के आधार पर मदन महल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

