इंदौर। इंदौर के धर्मपुरी से बीजेपी विधायक कालू सिंह ठाकुर पर एक महिला ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि वह जब मदद की उम्मीद लेकर विधायक के पास पहुंची, तो विधायक ने उसे भोपाल स्थित अपने बंगले पर बुलाया। महिला के अनुसार बंगले में उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की गई, लेकिन वह किसी तरह बहाना बनाकर वहां से निकलने में सफल रही। इसके बाद विधायक कालू सिंह ठाकुर की ओर से उस पर दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का आरोप लगा दिया गया।
इस मामले में धर्मपुरी पुलिस ने विधायक के मैनेजर की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की, जिसमें धार निवासी महिला और उत्तर प्रदेश निवासी उसके पति को आरोपी बनाया गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार भी किया, हालांकि बाद में कोर्ट से जमानत मिलने के बाद महिला सामने आई और उसने पूरे घटनाक्रम को लेकर चौंकाने वाले खुलासे किए। महिला ने दावा किया है कि उसके पास विधायक की रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसमें वह उसे भोपाल स्थित बंगले पर बुलाने की बात करते हुए सुनाई दे रहे हैं। महिला ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए विधायक के खिलाफ केस दर्ज करने की अपील की है।
महिला ने बताया कि उसकी शादी एक मुस्लिम युवक से हुई थी, जिससे उसका परिवार नाराज़ था। पति के घायल होने के बाद जब उसने परिवार से आर्थिक मदद मांगी, तो किसी ने उसका साथ नहीं दिया। मजबूरी में वह मदद के लिए विधायक कालू सिंह ठाकुर के पास पहुंची, जहां उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की गई और बाद में उसे झूठे मामले में फंसा दिया गया। महिला का कहना है कि उसकी आर्थिक हालत इतनी खराब है कि उसे इंदौर रेलवे स्टेशन पर रात गुजारनी पड़ रही है। महिला ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई की जाए और उसे सुरक्षित उसके घर पहुंचाया जाए।

