एक्टर शाहिद कपूर की अपकमिंग फिल्म ‘ओ रोमियो’ वैलेंटाइन डे से ठीक एक दिन पहले यानी 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। हाल ही में फिल्म का टीजर सामने आया, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला। इसी बीच शाहिद कपूर ने एक इंटरव्यू में अपने स्टारडम को लेकर खुलकर बात की और बताया कि वे खुद को कभी स्टार नहीं मानते और अपने बच्चों को एक बिल्कुल सामान्य परवरिश देना चाहते हैं।
शाहिद कपूर ने कहा कि वे पिछले 23 सालों से फिल्म इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं, लेकिन इतनी सफलता के बावजूद उन्होंने कभी खुद को स्टार की तरह नहीं देखा। उन्होंने कहा कि असलीपन तब आता है जब इंसान खुद को अच्छे से समझता है, न कि दूसरों की उम्मीदों के मुताबिक खुद को ढालने की कोशिश करता है।
स्टारडम पर बात करते हुए शाहिद कपूर ने कहा कि प्रसिद्धि कई बार बोझ बन जाती है और शोर-शराबे के बीच अपनी असल पहचान खो देना बहुत आसान हो जाता है। एक्टर को हमेशा सच्चा रहना चाहिए, अपने परिवार और करीबियों से जुड़ा रहना चाहिए और अपने काम पर फोकस करना चाहिए। उनके मुताबिक खुद के साथ ईमानदार रहना ही असली सफलता और सच्ची खुशी का रास्ता है।
शाहिद कपूर अपने प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ के बीच बेहतरीन संतुलन बनाकर चलते हैं। वे बेटी मिशा और बेटे जैन के पिता हैं और चाहते हैं कि उनके बच्चे ज्यादा से ज्यादा एक सामान्य जिंदगी जिएं। वे बच्चों को अपने स्टारडम के बारे में ज्यादा कुछ नहीं बताते और अगर कोई सवाल आता भी है, तो माता-पिता की तरह प्यार और सादगी से उसका जवाब देते हैं।

