नर्मदा पुल पर शर्मनाक हरकत, आस्था के स्थल पर शराब पीकर युवक ने बनाई रील

ओंकारेश्वर। इंदौर–खंडवा–इच्छापुर–ऐदलाबाद मार्ग पर स्थित मोरटक्का खेड़ीघाट नर्मदा नदी पुल से जुड़ा एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद धार्मिक आस्था से जुड़े लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक खुलेआम शराब की बोतल लहराते हुए पवित्र नर्मदा क्षेत्र में शराब पीता नजर आ रहा है और फिल्म ‘धुरंधर’ के ट्रेंडिंग सॉन्ग पर रील बनाता दिखाई दे रहा है।

जहां रोज होते हैं दर्शन, वहीं नशे का प्रदर्शन
यह वही पवित्र स्थान है जहां रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु मां नर्मदा के दर्शन और पूजन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालु यहां अगरबत्ती जलाते हैं, नारियल अर्पित करते हैं और पवित्र जल में पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसे आस्था के केंद्र पर शराब का सेवन और उसका सार्वजनिक प्रदर्शन धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया जा रहा है।

स्थानीय लोगों में गुस्सा, संस्कारों पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि मां नर्मदा केवल एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र हैं। इस तरह की हरकत न सिर्फ सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ है, बल्कि युवाओं में बढ़ती गलत प्रवृत्तियों को भी उजागर करती है। लोगों ने दोषी युवक की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्रशासन की निगरानी पर उठे सवाल
घटना के बाद प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि धार्मिक और संवेदनशील स्थलों पर निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है, यह इस घटना से साफ झलकता है। वीडियो के वायरल होने के बावजूद अब तक किसी ठोस कार्रवाई के सामने न आने से नाराजगी और बढ़ गई है।

दोषी पर सख्ती की उठी मांग
स्थानीय श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि आरोपी युवक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, धार्मिक स्थलों पर शराब सेवन पर सख्ती से रोक लगे और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सख्ती नहीं हुई, तो आस्था के स्थलों पर इस तरह की शर्मनाक घटनाएं आम होती चली जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *