भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर खुशियों की किलकारी गूंजी है। बड़ी बहू अमानत ने बेटी को जन्म दिया है, जिसके बाद पूरे परिवार में जश्न का माहौल है। शिवराज सिंह चौहान दादा बने और भावुक होकर उन्होंने नवजात पोती के कान में गायत्री मंत्र का जाप किया। कार्तिकेय चौहान ने अपनी बेटी का नाम ‘इला’ रखा है।
इस खुशी को शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा कि आज हमारे घर लाडली लक्ष्मी आई है। कार्तिकेय पिता बने, अमानत मां बनीं, कोकिला अब दादी हैं और मैं दादा। कुणाल और ऋद्धि चाचा-चाची बने, अनुपम जी नाना और रुचिता जी नानी बने, वहीं आर्यन मामा बने। उन्होंने लिखा कि 2025 में हमारे घर दो बेटियां आईं अमानत और ऋद्धि, और 2026 में बेटी इला का शुभ आगमन हुआ। स्वागतम लक्ष्मी।
जैसे ही डॉक्टर ऑपरेशन थिएटर से नवजात बच्ची को लेकर बाहर आए, पूरे परिवार की खुशी छलक पड़ी। शिवराज सिंह चौहान लगातार गायत्री मंत्र का जाप करते रहे और वही मंत्र उन्होंने पोती के कान में भी सुनाए। कार्तिकेय चौहान अपनी बेटी को गोद में लेकर भावुक नजर आए और देर तक उसे निहारते रहे, इस दौरान वह भी अपनी बेटी के कान में कुछ कहते दिखाई दिए। परिवार में बेटी के जन्म को लक्ष्मी के आगमन के रूप में देखा जा रहा है और हर चेहरा खुशी से चमक उठा है।

