सिंगरौली। मध्य प्रदेश के Singrauli में हाल ही में फैली अफवाहों ने शहर का माहौल पूरी तरह बिगाड़ दिया था, कहीं आगजनी हुई, कहीं तोड़फोड़ और हर तरफ गुस्से का माहौल देखने को मिला, लेकिन अब हालात संभालने के लिए पुलिस ने एक बेहद अनोखा और असरदार तरीका अपनाया है।
दरअसल, एक के बाद एक दो घटनाओं और उन पर फैली अफवाहों ने लोगों के बीच डर और गुस्सा बढ़ा दिया था, पहली घटना में एक मजदूर की मौत को लेकर पहले हार्ट अटैक बताया गया, लेकिन अफवाह फैल गई कि वह ऊंचाई से गिरकर मरा है और मामला दबाया जा रहा है, जिसके बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा और कंपनी में तोड़फोड़ और आगजनी शुरू हो गई।
दूसरी घटना में एक अधूरे मकान में युवक का शव मिला, जिसके बाद हत्या की आशंका जताई गई और सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें फैलने लगीं, किसने मारा और क्यों मारा, यह जांच से पहले ही भीड़ ने अपने-अपने निष्कर्ष निकाल लिए।
इसी बीच सिंगरौली पुलिस ने हालात को काबू में करने के लिए ‘संगीत वार’ छेड़ दिया, जहां पुलिसकर्मी आशीष बागरी ने एक जागरूकता गीत गाकर लोगों से अपील की कि किसी भी खबर पर आंख बंद करके भरोसा न करें, बल्कि पहले उसकी सच्चाई जरूर जांचें।
पुलिस का यह अनोखा अंदाज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे ‘स्मार्ट पुलिसिंग’ का नया उदाहरण माना जा रहा है, जो लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ माहौल को शांत करने में भी मदद कर रहा है।

