आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक भाभी ने अपनी ही ननद को सरप्राइज गिफ्ट देने के बहाने मौत के घाट उतारने की कोशिश की। आरोपी भाभी ने पहले ननद की आंखों पर पट्टी बांधी, हाथ बांधे और उसे अपने कमरे में ले गई, इसके बाद सिर पर चाकू से हमला कर दिया और तवा व चिमटे से भी बेरहमी से वार किए, जिससे युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
जान बचाने के लिए ननद किसी तरह घर से बाहर भागी, शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी भाभी को हिरासत में ले लिया है। यह घटना थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के राधानगर की बताई जा रही है, जहां हमला करते समय आरोपी भाभी ननद को धमकाते हुए कह रही थी कि बहुत हेड बनती हो, आज तेरा काम तमाम हो जाएगा।
पीड़िता प्रिया ने बताया कि भाभी पूजा ने कहा था कि उसका जन्मदिन है और उसने उसके लिए गिफ्ट मंगाया है। सरप्राइज के नाम पर वह उसे कमरे में ले गई, जहां चुनरी से आंखों पर पट्टी बांधी और हाथ बांध दिए। इसके बाद अचानक किसी नुकीली चीज से सिर पर हमला किया गया और फिर ताबड़तोड़ वार किए गए। आरोप है कि तवा, चिमटी और अन्य घरेलू औजारों से भी चेहरे और सिर पर हमला किया गया, जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

