6 पैग अंदर और शराबी बना सिकंदर, नशे में सांड पर की सवारी, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

ग्वालियर। अक्सर लोग स्टाइल दिखाने के लिए दो पहिया या लग्जरी चार पहिया वाहनों की सवारी करते नजर आते हैं, लेकिन ग्वालियर में एक युवक ने नशे की हालत में ऐसा कारनामा कर डाला कि लोग हैरान रह गए। यहां एक शराबी ने सड़कों पर गाड़ी छोड़कर सीधे सांड को ही अपनी सवारी बना लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मामला ग्वालियर के कुम्हरपुरा इलाके का है, जहां शनिवार सुबह एक युवक ने पास की देशी कलारी से जमकर शराब पी। नशे में धुत होकर जब वह आगे बढ़ा तो सड़क किनारे खड़े एक सांड से उसका सामना हो गया। नशे की हालत में युवक ने सांड की पीठ पर चढ़ने की कोशिश की, लेकिन सांड ने उसे सवार होने नहीं दिया। इसके बाद युवक ने अजीब हरकतें शुरू कर दीं, कभी हाथ जोड़कर सांड से मिन्नत की, कभी उसके पैर छुए, तो कभी माथा टेककर प्रार्थना करता रहा कि सांड उसे अपनी पीठ पर बैठने दे।

इतना ही नहीं, जब काफी देर तक कोशिशें नाकाम रहीं तो शराबी सांड के सामने डटकर खड़ा हो गया और उसके सींग पकड़कर उससे भिड़ने लगा। करीब आधे घंटे तक सड़क के बीच शराबी और सांड के बीच जद्दोजहद चलती रही। आखिरकार युवक सांड की पीठ पर चढ़ने में कामयाब हो गया और काफी देर तक उस पर बैठा रहा। आसपास मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है और लोग मजाकिया अंदाज में कह रहे हैं कि छह पैग अंदर गए और शराबी खुद को सिकंदर समझ बैठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *