भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सामाजिक न्याय विभाग की पहल से सरकारी सुविधाओं से लैस एक लग्जरी ओल्ड एज होम बनकर पूरी तरह तैयार हो गया है, जो लिंक रोड नंबर तीन पर करीब पांच एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया है।
इस ओल्ड एज होम में एक कमरे का मासिक किराया लगभग 50 हजार रुपए तय किया गया है और यहां कुल 56 बुजुर्गों के रहने की व्यवस्था की गई है।
परिसर में 12 सिंगल बेड और 34 आधुनिक कमरे बनाए गए हैं, जहां बुजुर्गों को होटल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
पूरी इमारत में एयर कंडीशन कमरे, टीवी, फ्रिज, गर्म और ठंडे पानी की सुविधा दी गई है और हर कमरे में बालकनी के साथ अटैच बाथरूम मौजूद है।
यहां डॉक्टर और स्वास्थ्य सेवाएं, फिजियोथेरपी सेंटर, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा, कॉल बेल, इंटरकॉम, टेलीफोन और सुरक्षा के लिए सिक्योरिटी गार्ड की भी व्यवस्था की गई है।
बुजुर्गों के मनोरंजन के लिए लाइब्रेरी, ओपन मेस, विशेष डाइनिंग हॉल और वॉकिंग के लिए पाथवे भी बनाया गया है।
किराए की बात करें तो अलग-अलग साइज के कमरों के हिसाब से शुल्क तय किया गया है, जिसमें सिंगल और डबल बेड रूम का मासिक किराया करीब 38 हजार से 50 हजार रुपए के बीच रखा गया है।
सरकारी स्तर पर तैयार किया गया यह लग्जरी ओल्ड एज होम बुजुर्गों को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक जीवन देने की दिशा में एक नई और अहम पहल माना जा रहा है।

